Top News

बालाघाट के रामपायली में भीषण सड़क हादसा: धान रोपाई के लिए जा रही महिलाओं से भरी पिकअप पलटी, 18 घायल, दो की हालत गंभीर

 


बालाघाट | न्यूज टुडे। जिले के रामपायली थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। खरीफ सीजन में धान की रोपाई के लिए मजदूरी करने जा रही ग्रामीण महिलाओं से भरा एक पिकअप वाहन बटरमारा पुल के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार 18 महिलाएं घायल हो गईं। घायलों में दो महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए महाराष्ट्र के गोंदिया रेफर किया गया है। अन्य महिलाओं का उपचार जिला अस्पताल बालाघाट एवं एक निजी अस्पताल में जारी है।

धान रोपाई के लिए जा रही थीं महिलाएं

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम डोंगरमाली और बिटोली की महिलाएं रविवार सुबह करीब 9 बजे एक पिकअप वाहन में सवार होकर नेवरगांव धान की रोपाई (पराह) लगाने जा रही थीं। जब वाहन रामपायली थाना क्षेत्र के बटरमारा पुल के समीप पहुंचा, तभी अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और पिकअप सड़क से उतरकर खेत में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने चलाया राहत कार्य

स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए पिकअप में फंसी महिलाओं को बाहर निकाला और पुलिस तथा 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रामपायली थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया।

दो महिलाओं की हालत गंभीर

जिला अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने घायल सुनीता गजबिये और सविता लिल्हारे की हालत गंभीर पाई। दोनों को बेहतर इलाज के लिए गोंदिया रेफर किया गया। वहीं एक अन्य महिला का उपचार शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। शेष महिलाओं की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घायलों ने सुनाई हादसे की आपबीती

घायल उर्मिला लिल्हारे और रेखा उपवंशी ने बताया कि वे सभी महिलाएं रोज की तरह मजदूरी के लिए नेवरगांव जा रही थीं। बटरमारा पुल के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते पिकअप पलट गई। हादसे के बाद सभी महिलाएं सड़क और खेत में घायल अवस्था में पड़ी थीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

चालक हादसे के बाद फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में वाहन में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अचानक आई खराबी के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और दुर्घटना हो गई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

रामपायली पुलिस कर रही जांच

रामपायली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। साथ ही वाहन की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

मजदूरों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद एक बार फिर मजदूरों को मालवाहक वाहनों में ले जाने की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। खरीफ सीजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूर खुले पिकअप और मालवाहक वाहनों में खेतों तक पहुंचते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।


News Today Appeal:
मालवाहक वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करना वाहन चालकों और मालिकों की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही कई परिवारों के लिए बड़ा हादसा बन सकती है।

रिपोर्ट : महेंद्र धुर्वे
संपादक, बालाघाट

Post a Comment

और नया पुराने